Mon. Jun 5th, 2023

”वॉक फॉर बेगूसराय” से हुई बेगूसराय के स्वर्ण जयंती समारोह की शुरुआत


बेगूसराय, 02 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार की औद्योगिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक राजधानी बेगूसराय के 50 वें स्थापना दिवस समारोह का रंगारंग आगाज रविवार को किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन सहित विभिन्न संघ-संगठनों द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला प्रशासन के बैनर तले वॉक फॉर बेगूसराय से किया गया। पुलिस लाइन से शुरु वॉक फॉर बेगूसराय लोहियानगर, फ्लाय ओवर, स्वामी विवेकानंद चौक (ट्रैफिक चौक) कचहरी रोड, अंबेडकर चौक, कचहरी चौक से गुजरते हुए गांधी स्टेडियम पहुंचा। जिसमें डीएम रोशन कुशवाहा एवं एसपी योगेन्द्र कुमार सहित जिला और पुलिस प्रशासन के सभी विभागीय अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और शिक्षक शामिल हुए।

गांधी स्टेडियम में डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि बेगूसराय जिला का सृजन मुंगेर को विभाजित कर दो अक्टूबर 1972 को हुआ था और आज यह स्वर्ण जयंती मना रहा है। उस समय भी बेगूसराय की अलग पहचान, शान और शौकत थी, जिला बनने के बाद यह विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ता रहा और औद्योगिक राजधानी के रूप में विकसित होकर दुनिया के नक्शे पर छा गया। पूरे भारत में चर्चित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का बरौनी रिफाइनरी इसकी पहचान है तो नया बना खाद कारखाना और एनटीपीसी सहित अन्य सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उद्योग जिला ही नहीं, पूरे बिहार राज्य को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

डीएम ने कहा कि बेगूसराय जिला एक ओर औद्योगिक राजधानी के रूप में निखरा तो दूसरी ओर सांस्कृतिक और साहित्यिक राजधानी के रूप में भी चर्चित रहा। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्म स्थली यहीं है तो यहीं पर विश्व प्रसिद्ध सिमरिया घाट भी है। हमारे बेगूसराय में इतनी धरोहर छुपी हुई है कि वह प्रफुल्लित कर आगे ले जाने का स्रोत है। पिछले 50 वर्षों में यहां विकास के बहुत काम हुए, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली की दशा बदल गई, अभी भी कई बड़ी परियोजनाएं चल रही है। मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज सहित बेगूसराय को आगे बढ़ाने और विकसित करने के लिए अन्य योजनाओं पर काम चल रहा है। योजनाएं लगातार क्रियान्वित की जा रही है, राज्य सरकार और जिला प्रशासन जिला वासियों के साथ हमेशा खड़ा है और खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी योगेन्द्र कुमार ने कहा कि बेगूसराय न्याय के साथ विकास की नई ऊंचाई को छू रहा है। हम सब अपने कर्तव्य को पूरा करते रहें, विकास में योगदान देते रहें तो बिहार का विकसित जिला बेगूसराय हमेशा नई ऊंचाई को प्राप्त करता रहेगा। कार्यक्रम में कॉलेजिएट स्कूल, जेके उच्च विद्यालय, ज्ञान भारती उच्च विद्यालय, आदर्श कन्या उच्च विद्यालय, वीपी उच्च विद्यालय एवं ओमर बालिका उच्च विद्यालय के बच्चे शामिल हुए।

दूसरी ओर जीविका द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव थीम पर खूबसूरत रंगोली भी बनाई गई थी। स्थापना दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल सहित विभिन्न अनुमंडलीय अस्पतालों में रक्तदान शिविर, गांधी स्टेडियम में फ्रेंडली क्रिकेट मैच तथा श्रीकृष्ण सिंह इंडोर स्टेडियम में आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।

स्थापना दिवस की बधाई देते हुए बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि बेगूसराय साहित्य, सांस्कृतिक, स्वतंत्रता के संघर्ष एवं सामाजिक सेवा की भूमि रही है। बेगूसराय ने 50 वर्षों के सफर में आधुनिक विकास, रचनात्मक विकास तथा शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है। इस विकास को आगे ले जाने का अमृत संकल्प दोहराते हुए जिला वासियों को 50 वीं वर्षगांठ की ढ़ेर सारी बधाई। हमारा जिला यूं ही बढ़ता रहे, विकसित होता रहे, दुनिया के नक्शे पर चमकता रहे।