Mon. May 29th, 2023

वायु सुरक्षा प्रणाली को चकमा देकर छह नाटो देशों के ऊपर उड़ता रहा जहाज


सोफिया, 17 जून (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच नाटो देशों के आकाश पर खतरा मंडराता रहा और उसे रोका भी न जा सका। दरअसल वायु सुरक्षा प्रणाली को चकमा देकर एक रहस्यमयी विमान छह नाटो देशों के ऊपर उड़ता रहा। जब नाटो के लड़ाकू विमानों ने उक्त विमान का पीछा किया तो विमान बुल्गारिया में उतर गया।

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद नाटो देश खुलकर यूक्रेन का साथ दे रहे हैं। ऐसे में जब एक रहस्यमयी हवाई जहाज एक-एक करके छह नाटो देशों हंगरी, रोमानिया, पोलैंड, स्लोवाकिया, लिथुआनिया व बुल्गारिया के आकाश में उड़ता देखा गया। बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय के अधिकारी ड्रैगोमिर जाकोव ने बताया कि एक अज्ञात विमान ने बुधवार शाम को उनके देश की हवाई सीमा में प्रवेश किया था। वैसे उससे किसी तरह के खतरे का आंकलन नहीं किया गया है क्योंकि वह विमान बहुत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था और उसे पकड़ना आसान था। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

बुल्गारिया की सीमा में प्रवेश करने से पहले इस रहस्यमयी विमान को हंगरी और रोमानिया की वायुसेना ने पकड़ा था। इसके बाद उक्त विमान पोलैंड, स्लोवाकिया, बुल्गारिया व लिथुआनिया की हवाई सीमा में दाखिल हुआ। इस तरह छह देशों की वायु सुरक्षा प्रणाली को चकमा देकर एक विमान के उड़ान भरते रहने से कई देशों में हड़कंप मच गया। विमान का पीछा करने के लिए कई लड़ाकू विमानों को भी भेजा गया। इसके बाद उक्त रहस्यमयी विमान बुल्गारिया में एक स्थान पर उतर गया। बुल्गारियाई सुरक्षा बलों ने विमान की जांच की तो उसमें न तो कोई पायलट मौजूद था, न ही कोई यात्री था। अब मामले की विस्तृत जांच बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय की विशेष टीम कर रही है।