
राजस्थान की मुख्य सचिव उषा शर्मा को मिला छह महीने का सेवा विस्तार

जयपुर, 30 जून (हि.स.)। प्रदेश की मुख्य सचिव उषा शर्मा को छह महीने का एक्सटेंशन मिल गया है। अब 31 दिसंबर तक उषा शर्मा ही प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी की मुखिया बनी रहेंगी। कार्मिक विभाग ने गुरुवार देर रात को उषा शर्मा के सेवा विस्तार के आदेश जारी किए हैं। अब प्रदेश में नए साल में नई सरकार के साथ ब्यूरोक्रेसी का नया मुखिया भी मिलेगा।
31 जनवरी 2022 को प्रदेश में 13 साल बाद किसी महिला को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। 30 जून को वर्तमान मुख्य सचिव उषा शर्मा का रिटायमेंट होना था, लेकिन अब चुनावी साल में सीएम गहलोत ने मुख्य सचिव में बदलाव नहीं करने का निर्णय किया है। इसके साथ ही 1985 बैच की आईएएस उषा शर्मा को 31 दिसंबर तक के लिए सेवा विस्तार दे दिया गया है। उषा शर्मा प्रदेश की दूसरी ऐसी महिला आईएएस अधिकारी हैं जो मुख्य सचिव के रूप में पद संभाल रही हैं। इससे पहले साल 2009 में कुशाल सिंह राज्य की पहली महिला मुख्य सचिव बनी थीं। उषा शर्मा लंबे समय तक केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर थीं, जिन्हें राज्य सरकार के आग्रह पर 30 जनवरी को ही केंद्र सरकार ने उनके मूल कैडर के लिए रिलीव किया गया था। रिलीव होने के दूसरे दिन 31 जनवरी 2022 को उषा शर्मा को मुख्य सचिव के पद पर नियुक्ति मिली थी।
तीस जून को उषा शर्मा के रिटायरमेंट के साथ ही प्रदेश में नए मुख्य सचिव का नाम तय होना था, जिनमें सुबोध अग्रवाल, वीनू गुप्ता, शुभ्रा सिंह के नाम चल रहे थे। लेकिन, किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनने के चलते सीएम गहलोत ने उषा शर्मा को ही एक्सटेंशन देने का निर्णय किया। 24 घंटे से भी कम समय में उषा शर्मा की एक्सटेंशन की फाइल दिल्ली डीओपीटी से क्लीयर हो गई। बुधवार देर शाम को उषा शर्मा के एक्सटेंशन की फाइल दिल्ली भेजी गई थी। जिसे गुरुवार शाम तक क्लीयर कर दिया गया।
उषा शर्मा मुख्य सचिव बनने से पहले लंबे समय तक दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर रह चुकी हैं। जहां वे युवा मंत्रालय में सचिव, आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया में डीजी, केंद्रीय एआरडी में अतिरिक्त सचिव और पर्यटन मंत्रालय में एडीजी पर्यटन पद संभाल चुकी हैं। पिछली गहलोत सरकार में उषा पर्यटन विभाग में प्रमुख सचिव रह चुकी हैं। इसके अलावा वे यूडीएच सचिव, नागरिक उड्डयन सचिव,पर्यटन सचिव उद्योग सचिव, जेडीसी और बूंदी और अजमेर कलेक्टर के रूप में राजस्थान सरकार में अपनी भूमिका निभा चुकी हैं।