Sat. Jun 10th, 2023

मॉरीशस के पूर्व विदेश मंत्री बोधा ने विधानसभा अध्यक्ष से की भेंट


देहरादून, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मॉरीशस के पूर्व विदेश मंत्री और वर्तमान सांसद नन्द कुमार बोधा ने शनिवार को विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण से शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर दोनों के बीच अपने-अपने देशों से संबंधित विभिन्न विषयों पर वार्ता हुई।

नंदकुमार बोधा सात दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं। वे अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान उत्तराखंड विधान सभा अध्यक्ष से भेंट की ओर उनसे भारत और मॉरीशस के मैत्री सम्बन्धों पर चर्चा की। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने नन्दकुमार बोधा और मॉरीशस गणराज्य से आए मेहमान का को शाल ओढ़ाकर स्वागत किया।

नंदकुमार बोधा पूर्व में मॉरीशस गणराज्य के विदेश,पर्यटन, कृषि सहित अनेक विभागों के मंत्री रह चुके हैं। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखंड राज्य के संबंध में भी विस्तार से जानकारी मॉरीशस के सांसद को दी।

नंद कुमार बोधा अपनी पत्नी सत्यभामा बोधा के साथ निजी यात्रा पर आए हैं। उन्होंने बताया कि इस छोटे से देश में लगभग 52 प्रतिशत आबादी हिन्दुओं की है। जिनके पूर्वज 160 वर्ष पूर्व काम और अच्छे जीवन की तलाश में अंग्रेजों के कहने पर मॉरीशस गए थे, लेकिन वहां उनसे बंधुआ मज़दूरों जैसा व्यवहार किया गया। शिक्षा ओर मेहनत के बलबूते पर वो आगे बढ़ते गए और मॉरीशस में अपना एक विशेष स्थान बनाया। आज उस देश में प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति सहित अन्य बड़े पदों पर भारतीय सुशोभित हैं। नंद बोधा ने ऑर्गेनिक खेती, मेडिसिनल प्लांट के क्षेत्र में उत्तराखंड के साथ कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।

अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि मॉरीशस में गए भारतीयों ने अपने देश की संस्कृति व परम्पराओं को जीवित रखा है। हरिद्वार से गंगा का जल लेकर वहां गंगा तलाओ के नाम से तीर्थ स्थल बनाया है। उन्होंने मॉरीशस के सनातन धर्मियों को देव भूमि उत्तराखंड आने ओर अपने तीर्थ स्थलों के दर्शन का न्यौता भी दिया।

इस मौके पर लैंसडाउन के विधायक दिलीप रावत, इंडिया मॉरीशस ट्रेड एंड कल्चरल फ़्रेंडशिप फ़ोरम के प्रधान प्रीतपाल सिंह पन्नु,नेशनल इंटेग्रेटेड फ़ोरम आफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्टस (निफा) के उत्तराखंड के संरक्षक डी के शर्मा, प्रदेश संयोजक सुमित कुमार, युवा विंग के प्रधान दुर्गेश चौधरी,युवा समाज सेवी प्रिंस गुप्ता,दिलीप कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।