
पुतला जलाने वाले जदयू नेता हिंदुओं को बचाएं कट्टरपंथियों के हमलों से : गिरिराज सिंह

बेगूसराय, 24 मार्च (हि.स.)।जदयू के कुछ नेताओं द्वारा पुतला जलाए जाने पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने जोरदार अटैक किया है। गिरिराज सिंह ने गुरुवार को किए गए ट्वीट में बेगूसराय में जदयू द्वारा पुतला जलाए जाने का खबर भी शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने कहा कि ”कट्टरपंथियों के खिलाफ एवं धर्म के पक्ष में खड़ा होते ही मैं अपराधी हो गया।
गिरिराज सिंह ने कहा कि जदयू के मित्रों से निवेदन है कि जितना चाहे मेरा पुतला जलाएं, लेकिन हिंदुओं को कट्टरपंथियों के हमलों से बचाएं। आपके आचरण से यह संदेह नहीं होना चाहिए कि आप ही कट्टरपंथियों द्वारा हिंदुओं पर हमला करवा रहे हैं।” उल्लेखनीय है कि बच्चों के विवाद में होली के दौरान बेगूसराय जिले के रजौड़ा में दो संप्रदाय के बीच काफी तनाव हो गया तथा मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिंदू समुदाय पर जानलेवा हमला कर लोगों को घायल कर दिया।
बेगूसराय के डीएम एवं एसपी ने काफी कोशिश के बाद तनाव को काबू में कर लिया। तनाव के मद्देनजर 19 मार्च को गिरिराज सिंह घायलों को देखने बेगूसराय आए तथा घटनास्थल पर जाकर लोगों से बातचीत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन से पूछा था कि बेगूसराय में हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं तो वह कहां रहने जाएं। प्रशासन तनाव के मद्देनजर लगातार कार्रवाई कर रही थी तथा मंगलवार को भीड़ भड़काने के आरोपी सरपंच मोहम्मद मुख्तार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालत के मद्देनजर विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं ने रजौड़ा को राजनीति का अखाड़ा बना दिया। बुधवार को जदयू के कुछ नेताओं ने बेगूसराय जिला मुख्यालय में जुलूस निकालकर गिरिराज सिंह का पुतला जलाया। पुतला दहन से जदयू के जिलाध्यक्ष रुदल राय अलग रहे, लेकिन पूर्व विधान पार्षद रामवदन राय तथा भूमिपाल राय समेत कई अन्य नेताओं ने गिरिराज सिंह पर जोरदार हमला किया, जिससे जिला भाजपा में काफी आक्रोश है