
दिल्ली एम्स से डिस्चार्ज किए गए बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव

नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (दिल्ली एम्स) ने बुधवार सुबह करीब पौने चार बजे के आस-पास डिस्चार्ज कर दिया है।
एम्स सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लालू प्रसाद यादव को मंगलवार रात नौ बजे के आस-पास दिल्ली एम्स लाया गया था। यहां यादव को आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर इलाज किया गया। हालत सामान्य होने पर बुधवार सुबह पौने चार बजे के आस-पास उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 22 मार्च को झारखंड के रिम्स अस्पताल के मेडिकल बोर्ड ने बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के खराब सेहत का हवाला देकर दिल्ली एम्स रेफर कर दिया था। वहां से यादव को चार्टर्ड विमान से दिल्ली लाया गया। जिसके बाद इन्हें मंगलवार रात नौ बजे के आस-पास दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार को देखते हुए एम्स ने बुधवार को डिस्चार्ज कर दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के एक नेता ने कहा कि लालू यादव को आज पुन: झारखंड लाया जाएगा। यहां रिम्स से ही इलाज कराया जाएगा।