Mon. May 29th, 2023

गांधी खानदान के लिए देश या पार्टी नहीं बल्कि व्यक्ति बड़ा : केशव प्रसाद मौर्य


– कहा, परेशान तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को किया जाता था जब वह मुख्यमंत्री थे

झांसी,15 जून (हि.स.)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य राहुल गांधी और अखिलेश यादव जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने राहुल को देश और कांग्रेस पार्टी से बड़ा बताया तो अखिलेश यादव को अहंकारी नेता। उपमुख्यमंत्री प्रदेश की सबसे बड़ी तहसील मऊरानीपुर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से मुखातिब थे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा गांधी खानदान के लिए न तो देश बड़ा है और न ही पार्टी। उनके लिए व्यक्ति सबसे बड़ा-बड़ा है। ईडी द्वारा राहुल गांधी को परेशान किए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि परेशान तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उस समय किया जाता था जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री हुआ करते थे। लेकिन तब उन्होंने ईडी व सीबीआई के सामने पेश होकर उनके सवालों के जवाब दिए। उन्हें पूरा समय दिया, न कि दल की ताकत दिखाई। भ्रष्टाचार में घिरे व्यक्ति के लिए आज कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन यह स्पष्ट करते हैं कि कांग्रेस पार्टी खासतौर पर उनके आला कमान भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और ईडी जैसी संस्था पर दबाव बनाने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने एक सवाल के जबाब में कहा कि वह तो चाहते थे कि प्रदेश में दंगे हो जाएं और भाजपा हर जाए। लेकिन हमने 5 साल तक प्रदेश को दंगा मुक्त रखा, भ्रष्टाचार मुक्त रखा और गरीबी से भी मुक्त रखा। इसीलिए हमने 2014, 2017, 2019 व 2022 का चुनाव जीता है। अब 2024 का और 2027 का भी चुनाव भाजपा ही जीतेगी।

विधानसभा में अखिलेश यादव के साथ हुई नोकझोंक के मामले में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को यह अहंकार हो गया है कि पिछड़े वर्ग के नेता केवल वही है। हालांकि हम भाजपा के लोग संस्कारों को नहीं छोड़ते इसलिए संस्कारित तरीके से उन्हें जवाब दिया गया। आजम खान के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस स्टेशन में अपराध को देखते हुए मामले दर्ज होते हैं। पुलिस स्टेशन केवल स्थान नहीं है यदि किसी को लगता है कि उसके साथ गलत हुआ है तो न्यायालय जा सकता है। न्यायालय का फैसला हम सभी को मान्य है।