
कोलकाता से आग्नेयास्त्र बरामद, एक गिरफ्तार

कोलकाता, 29 मार्च (हि.स.)। बालीगंज उपचुनाव से पहले कोलकाता में बंदूक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मानिकतला थाना क्षेत्र के मुरारीपुकुर से उसे पकड़ा गया है। दरअसल बीरभूम की घटना के बाद, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुलिस को अगले 10 दिनों के भीतर राज्य में सभी अवैध आग्नेयास्त्रों को बरामद करने का निर्देश दिया है।
एक ओर मुख्यमंत्री का निर्देश, दूसरी ओर बालीगंज उपचुनाव। इसीलिए कोलकाता पुलिस विभिन्न जगहों पर सघन तलाशी अभियान चला रही है। इसी बीच मानिकतला थाना क्षेत्र के मुरारीपुकुर से यह गिरफ्तारी हुई है।
उसकी पहचान सतीनाथ दोलुई (35) के तौर पर हुई है। मानिकतला पुलिस ने गुप्त सूचना पर युवक के घर पर छापा मारा। लेकिन पहली बार में वहां से कोई आग्नेयास्त्र बरामद नहीं हुआ। बाद में पुलिस ने उसके घर के एक कुएं से एक तमंचा युक्त कारतूस बरामद किया।
जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग्नेयास्त्र को वह कहां से लाया था।