Sun. Sep 24th, 2023

ओडिशा: शहरी निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी


मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मतदान किया, सुबह 9 बजे तक 10 प्रतिशत मतदान

भुवनेश्वर, 24 मार्च (हि.स.)। राज्य के शहरी निकाय चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 8 बजे से मतदान प्रारंभ हो गया जो शाम पांच बजे तक चलेगा। राज्य के 106 म्युनिसिपैलिटी व एनएसी तथा तीन महानगर निगमों के लिए चुनाव हो रहा है।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक समेत अन्य राजनीतिक पार्टियों के बडे नेता अपना मतदान कर चुके हैं। राज्य चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे तक 10 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य के म्युनिसिपैलिटी व एनएसी व 1672 वार्ड व तीन कार्पोरेशनों के 185 वार्डों में इस अवधि में मतदान किया जा रहा है। कुल 40 लाख 55 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किये गए हैं। कुल 195 प्लाटुन बल की तैनाती की गई है। भुवनेश्वर में 30 प्लाटुन, कटक में 20 व ब्रह्मपुर में 15 प्लाटुन फोर्स तैनात किये गये हैं। चुनाव को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 22 हजार पोलिंग अधिकारी कार्य में लगाए गए हैं।